नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 2025 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के लिए 147 कैडर पदों का राज्यवार आवंटन जारी कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस बार सबसे अधिक 15 पद पश्चिम बंगाल को मिले हैं। इसके बाद आंध्र प्रदेश को 14, उत्तर प्रदेश को 12, असम-मेघालय को 11 और मध्य प्रदेश को भी 11 पद आवंटित किए गए हैं।
अन्य राज्यों में महाराष्ट्र को 10, राजस्थान को 9, जबकि बिहार और ओडिशा को 8-8 कैडर सीटें दी गई हैं। वहीं इस सूची में छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश को कोई भी पद आवंटित नहीं किया गया है।
श्रेणीवार वितरण के तहत कुल 147 पदों में 74 अनारक्षित, 41 ओबीसी, 22 एससी और 10 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
गृह मंत्रालय के इस आदेश के बाद नए आईपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।