धमतरी । छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व से जुड़े जनहित के मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड और भूमि डायवर्सन जैसे मामलों में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
धमतरी कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री श्री वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने 5 हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड और 5 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
बाढ़ आपदा से निपटने तैयारियों की समीक्षा
मानसून को देखते हुए मंत्री श्री वर्मा ने जिले में संभावित बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों, विद्यार्थियों और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल का वितरण समय पर किया जाए। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि मानसून और बोआई के दौरान किसानों को खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
धमतरी में विकास परियोजनाओं को मिलेगी गति
बैठक में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में 200 बिस्तरीय मातृ-शिशु अस्पताल, नेत्र एवं ट्रॉमा सेंटर, कुरूद में 100 बिस्तरीय अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
इसके अलावा सड़क, ऑडिटोरियम, इनडोर स्टेडियम, नालंदा परिसर, रेलवे, औद्योगिक पार्क और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ जनहित में कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी, जिला पंचायत सीईओ सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।