रायपुर । महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पेयजल व्यवस्था और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
मंत्री ने अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में पाई गई कमियों को तत्काल दूर किया जाए और मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने तथा चिकित्सा उपकरणों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए।
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने, गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण के मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए इन संस्थानों में सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।