रायपुर । सेवा संकल्प अभियान एवं ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत सूरजपुर जिले के नगर पंचायत शिवनंदनपुर में जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आंबेडकर चौक के समीप स्थित हनुमान मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर और खरपतवार हटाकर श्रमदान किया।
मंत्री ने स्वच्छता दीदियों, स्थानीय महिलाओं और नागरिकों के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लिया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की।
पार्क के रूप में विकसित होगा स्थल
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सेवा और स्वच्छता के कार्यों में जनभागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने शिवनंदनपुर स्थित इस स्थल को पार्क के रूप में विकसित करने की मंशा जताई, ताकि लोगों को हरियाली के बीच एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थान मिल सके और नगर की सुंदरता भी बढ़े।
अभियान के दौरान लोगों को सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए सेवा संकल्प अभियान के फोटो फ्रेम के साथ मंत्री ने तस्वीर भी खिंचवाई।
अभियान के समापन पर उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं पॉलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।