किरंदुल । नगर पालिका परिषद एवं एकीकृत बाल विकास परियोजना किरंदुल के संयुक्त तत्वावधान में पोषण अभियान के तहत 25वां सेवा संकल्प अभियान अंबेडकर भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी—सही आहार, सशक्त बचपन, समृद्ध भारत” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने विविध एवं संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, ताजा और पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ किशोरियों के पोषण पर भी विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में स्थानीय, मौसमी और पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाकर लोगों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया।

गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस अवसर पर “सुपोषित भारत-साक्षर भारत”, “सही पोषण-देश रोशन” और “छोटे कदम, बड़ी उड़ान” जैसे संदेशों के माध्यम से पोषण के महत्व को बताया गया।
आंगनवाड़ी केंद्रों को सामग्री वितरित
नगर पालिका अध्यक्ष निधि से बर्तन, टेबल और दरी वितरित की गई। वहीं पार्षद थॉमस बाबू की दुर्गम निधि से कुर्सियों का वितरण किया गया। परियोजना में लंबे समय से सेवाएं दे रहीं सायरा बानो खान और कोकिला मैडम को विधायक चैतराम अटामी ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, ओजस्वी मंडावी, संतोष गुप्ता, सत्यजीत चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, संयुक्त संचालक जगदलपुर जयंत सिन्हा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।