बेमेतरा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामाजिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बेमेतरा में जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर आयोजित इस अभियान में सिग्नल चौक से प्रताप चौक तक बड़ी संख्या में लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
मंत्री ने खुद थामी झाड़ू
अभियान के दौरान प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे और सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उनके साथ विधायक दीपेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता दीदियों और नागरिकों ने भी सफाई की।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सड़क के दोनों ओर सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
‘स्वच्छता को बनाएं प्रतिदिन का संकल्प’
बेसिक स्कूल ग्राउंड स्थित गांधी भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य की भी रक्षा होती है।
मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा
मंत्री बघेल ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, वंचित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने अनजान नंबरों से आने वाले कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा ऑनलाइन पैसों के लेन-देन में सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का महत्वपूर्ण उपाय है।
कलेक्टर ने की गीला-सूखा कचरा अलग रखने की अपील
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने भी स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने, नालियों में कचरा नहीं डालने तथा अपने मोहल्ले और वार्ड को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, नगर पालिका बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमा दिवाकर, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, एसडीएम दिव्या पोटाई, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं।