उद्योग भवन के पास भीषण आग: 200 झुग्गियां जलकर खाक, 20 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में उद्योग भवन के पास स्थित मजदूरों की एक बस्ती में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस आग में करीब 200 टिन-शेड झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

दमकल विभाग के अनुसार, आग की सूचना सुबह 3:02 बजे मिली थी, जिसके बाद शुरुआती तौर पर 2 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण इसे बड़ा ऑपरेशन घोषित किया गया और करीब 20 दमकल गाड़ियों को राहत कार्य में लगाया गया। लगभग 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

बताया जा रहा है कि आग पहले एक इलेक्ट्रिक पैनल से शुरू हुई और फिर पास की घनी झुग्गी बस्ती तक फैल गई। इस दौरान कई एलपीजी सिलेंडर फटने की भी सूचना है, जिससे आग और भड़क गई।

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल सेना भवन के पास स्थित है, जहां अस्थायी टिन-शेड में बड़ी संख्या में मजदूर रहते थे। प्रारंभिक जांच में आग का कारण बिजली के तारों या गैस सिलेंडर से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन सैकड़ों परिवारों का आशियाना पूरी तरह नष्ट हो गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *