मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स केस में ED का शिकंजा: दिल्ली के 5 ठिकानों पर छापेमारी, नाइट क्लबों में निवेश की जांच

नई दिल्ली। गुजरात के चर्चित मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को दिल्ली में बड़ी कार्रवाई की। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत ED की टीमों ने राजधानी के 5 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की।

जांच एजेंसी को आशंका है कि ड्रग्स तस्करी से अर्जित अवैध धन को दिल्ली के कुछ नाइट क्लबों और अन्य कारोबारों में निवेश किया गया हो सकता है। इसी एंगल से ED वित्तीय लेनदेन, संदिग्ध निवेश और काले धन के नेटवर्क की जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई करीब 21 हजार करोड़ रुपये कीमत के 3,000 किलोग्राम ड्रग्स की तस्करी से जुड़े मामले में की गई है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कई दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की है।

ED की कार्रवाई का फोकस मामले से जुड़े आरोपियों और उनके सहयोगियों पर रहा। एजेंसी ने हरप्रीत सिंह तलवार, शम्सुद्दीन और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर भी जांच की। बताया जा रहा है कि हरप्रीत सिंह तलवार की भूमिका की पहले भी जांच हो चुकी है और उसे NIA ने गिरफ्तार किया था।

क्या है मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स केस?
गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर बड़े पैमाने पर हेरोइन की खेप बरामद होने के बाद यह मामला सामने आया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, करीब 3,000 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 21 हजार करोड़ रुपये आंकी गई थी।

अब ED इस मामले में ड्रग्स तस्करी से हुई कमाई को खपाने, निवेश करने और मनी लॉन्ड्रिंग के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *