बेल्जियम में भीषण अग्निकांड: 10 मंजिला इमारत में लगी आग, बालकनी से लटके लोग; 5 की दर्दनाक मौत

बेल्जियम। बेल्जियम के एंटवर्प शहर के लिंकरोवर इलाके में स्थित 10 मंजिला अपार्टमेंट में बुधवार को भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से बचने के लिए कई लोग ऊपरी मंजिलों की बालकनी से लटककर मदद का इंतजार करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, आग उस बहुमंजिला इमारत में लगी, जिसमें करीब 80 अपार्टमेंट हैं और 200 से अधिक लोग रहते हैं। आग तेजी से फैलने के कारण इमारत से बाहर निकलने के रास्ते बंद हो गए, जिससे कई निवासी ऊपरी मंजिलों पर फंस गए।

मौके पर पहुंची दमकल और बचाव टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों पर अतिरिक्त दबाव को देखते हुए प्रशासन ने मेडिकल इमरजेंसी प्लान भी लागू किया।

पुलिस प्रवक्ता किम बास्टियान्स ने बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई थी और इसकी वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *