बोगोटा । दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को आए शक्तिशाली 7.4 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। पश्चिमी कोलंबिया में आए इस भूकंप से अब तक कम से कम 132 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 570 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है।
भूकंप के तेज झटकों से लोग दहशत में घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। कई जगहों पर इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। रिपोर्टों के अनुसार करीब 1,575 घरों को नुकसान पहुंचा है।
चोको क्षेत्र में सबसे ज्यादा असर
भूकंप का केंद्र सैन जोसे डेल पालमार, चोको क्षेत्र के पास बताया गया है। राजधानी बोगोटा समेत देश के कई हिस्सों में इसके झटके महसूस किए गए। चोको की राजधानी क्विबडो में भी लोगों के घायल होने और इमारतों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
भूकंप के बाद कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। क्षतिग्रस्त इमारतों और मलबे के बीच लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सेना और आपातकालीन एजेंसियों को तैनात किया गया है।
राष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित
भूकंप की भयावहता को देखते हुए कोलंबिया सरकार ने राष्ट्रीय आपदा की स्थिति घोषित की है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश, घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहने के साथ मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है। प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का विस्तृत आकलन भी किया जा रहा है।