छुहीपाली में 5 हजार सीड बॉल का बीजारोपण, मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा- जल, मृदा संरक्षण के साथ बढ़ेगा ग्रामीण रोजगार

रायपुर |  पर्यावरण संरक्षण, जल एवं मृदा संवर्धन और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम छुहीपाली में सीड बॉल अभियान को गति दी गई। राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने सारंगढ़ विकासखंड के छुहीपाली स्थित पठारी क्षेत्र में स्वयं सहभागिता करते हुए 5 हजार सीड बॉल का वृहद बीजारोपण किया। इसके साथ ही उन्होंने नवनिर्मित डबरी की मेड़ पर 30 पौधों का रोपण भी किया।

जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ‘वीबीजीरामजी’ योजना और ‘बिहान’ समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता रही।

मृदा और जल संरक्षण के साथ रोजगार को बढ़ावा

मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भू-जल स्तर को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छुहीपाली के पहाड़ी क्षेत्र में सीड बॉल बीजारोपण और स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण जल एवं मृदा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिल रहा है। राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

ऐसे काम करती है सीड बॉल तकनीक

सीड बॉल पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण की एक प्रभावी तकनीक है। इसमें मिट्टी, खाद और बीजों को मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां तैयार की जाती हैं। इन्हें सूखने के बाद खाली और दुर्गम क्षेत्रों या पहाड़ियों पर डाला जाता है। बारिश का पानी मिलने पर मिट्टी घुलती है और बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप लेते हैं।

महिलाओं और बच्चों से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने स्थानीय महिलाओं से संवाद कर महतारी वंदन योजना की राशि के नियमित भुगतान की जानकारी ली। महिलाओं ने योजना की राशि मिलने पर संतोष व्यक्त किया। मंत्री ने बच्चों से भी उनके नाम, शिक्षा और क्षेत्र में उपलब्ध स्कूली सुविधाओं के संबंध में आत्मीय बातचीत की।

2,400 स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण

ग्राम पंचायत छुहीपाली के दो हेक्टेयर पहाड़ी ढलान क्षेत्र में 5.60 लाख रुपये की लागत से स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक 2,400 ट्रेंच तैयार किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से पहाड़ी से बहने वाले पानी की गति को नियंत्रित कर भू-जल स्तर बढ़ाने तथा मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा पहाड़ी जल को संरक्षित करने के उद्देश्य से एक नए तालाब का निर्माण भी पूरा किया गया है। इससे क्षेत्र में जल संकट को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, बिहान समूह की महिला सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *