रायपुर। छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने लंबे समय से लंबित शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 700 शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। विभागीय स्तर पर कई चरणों में जांच और परीक्षण के बाद अंतिम सूची तैयार की गई है। इस प्रक्रिया में करीब 1,600 नामों वाली प्रारंभिक सूची से अंतिम रूप से 700 शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया।
1,600 से घटकर 700 हुई सूची
स्थानांतरण के लिए तैयार प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षक शामिल थे। इसके बाद विभागीय समीक्षा और समन्वय के आधार पर सूची को घटाकर लगभग 1,000 नामों तक किया गया। अंतिम परीक्षण में निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतरने वाले करीब 400 नामों को बाहर कर दिया गया। इसके बाद शेष शिक्षकों के तबादला आदेश जारी किए गए।
विद्यार्थियों की पढ़ाई को रखा गया प्राथमिकता में
विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता देने का दावा किया है। एकल शिक्षक वाले स्कूलों, स्थानांतरण से विद्यालय के शिक्षकविहीन होने की संभावना वाले मामलों और अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों को अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया।
इसी तरह युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षकों तथा अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण से जुड़े मामलों का भी परीक्षण किया गया।
कई स्तरों पर हुआ आवेदनों का परीक्षण
स्थानांतरण के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से मिली अनुशंसाओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इसके बाद विभाग ने प्रत्येक प्रकरण की अलग-अलग स्तरों पर जांच की। प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तक हुए परीक्षण के बाद करीब 400 नाम हटाए गए।
ऑनलाइन तबादले की व्यवस्था पर भी विचार
वर्तमान स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग भविष्य में ऑनलाइन तबादला व्यवस्था लागू करने पर भी विचार कर रहा है। इसके तहत शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन और दस्तावेजों का डिजिटल प्रबंधन, आवेदन की निगरानी और समयबद्ध निराकरण को आसान बनाने की उम्मीद है। विभाग अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम का अध्ययन भी कर रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण के बाद इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।