‘मन की बात’ लोकशक्ति की आराधना और जनसंवाद का सशक्त माध्यम: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों के साथ आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले आम नागरिकों के असाधारण प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 139वीं कड़ी सुनी।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को मिली राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं, जल संरक्षण, पोषण और नवाचार से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया है।

उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर की खेल प्रतिभाओं और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिली है। शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा बस्तर आज अपनी युवा प्रतिभाओं और सांस्कृतिक विरासत के दम पर नई पहचान बना रहा है।

जल संरक्षण और पोषण के प्रयासों की सराहना

मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले के अभिनव ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल के तहत किसान अपनी भूमि के पांच प्रतिशत हिस्से में तालाब बनाकर वर्षा जल का संचय करते हैं। इससे सिंचाई की सुविधा बढ़ने के साथ भूजल संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक मल्हार के ताम्रपत्रों और पोषण को बढ़ावा देने वाले ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों का ‘मन की बात’ में उल्लेख छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करता है।

स्थानीय उत्पादों और नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी में कार्यक्रम की 12 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए देश के सामान्य नागरिकों के परिश्रम, सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने पंजाब में प्राकृतिक कपास की खेती और बुनकरी के जरिए महिला सशक्तिकरण, उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन, स्थानीय उत्पादों की वैश्विक पहचान और खादी की बढ़ती लोकप्रियता जैसे प्रेरक प्रयासों को सामने रखा।

प्रधानमंत्री ने त्योहारों के अवसर पर स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने ई-संजीवनी, आधुनिक अनुसंधान, युवाओं के डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न की खेती और अंगदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में भागीदारी, स्वच्छता और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश भी दिया।

विकसित भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ लोगों को अपने आसपास हो रहे सकारात्मक कार्यों से प्रेरणा लेने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निष्ठापूर्वक निभाने के लिए प्रोत्साहित करता है। इस कार्यक्रम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों, नवाचार, सेवा और जनभागीदारी को जन-जन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी, नवाचार और कर्तव्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ और देश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *