रायगढ़/चंद्रपुर । छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर, चंद्रपुर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन की ओर से 11 से 19 अक्टूबर तक मंदिर परिसर में नौ दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं प्राथमिक उपचार शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 687 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, जिनमें 504 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल थीं।
चौबीसों घंटे उपलब्ध रही चिकित्सा सुविधा
महानदी, मांड और लात नदियों के त्रिवेणी संगम पर स्थित माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस शिविर में मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर का शुभारंभ डभरा के तहसीलदार आशीष पटेल, नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन, मंडल अध्यक्ष तिलेस माली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन विश्वकर्मा, जिला समन्वयक दिनेश नायक, एल्डरमैन गौरी शंकर गुप्ता एवं गिरजा यादव तथा मंदिर न्यास के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।
डॉ. उरांव के मार्गदर्शन में चिकित्सा टीम ने श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की, चिकित्सकीय परामर्श दिया और आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया। इससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को मौके पर ही उपचार और राहत मिली।
मौसमी बीमारियों से लेकर थकान तक का उपचार
शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित श्रद्धालुओं को उपचार उपलब्ध कराया गया। लंबी दूरी की यात्रा कर पहुंचे 187 मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार से पीड़ित 136 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि यात्रा और उपवास के कारण थकान महसूस कर रहे 130 श्रद्धालुओं को मेडिकल सपोर्ट प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त 106 मरीजों की बीपी, शुगर जांच और घावों की ड्रेसिंग की गई। त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित 62 तथा गैस्ट्रो संबंधी शिकायतों वाले 44 मरीजों को भी चिकित्सा सेवाएं दी गईं।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा के श्रद्धालुओं को मिला लाभ
माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस शिविर का लाभ चंद्रपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा से आए श्रद्धालुओं को भी मिला।
श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सा सुविधा की सराहना की। शिविर के माध्यम से उन्हें बिना कहीं और भटके तत्काल प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हो सकीं।
जनसेवा की पहल की सराहना
नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने कहा कि नवरात्रि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अदाणी फाउंडेशन का निःशुल्क चिकित्सा शिविर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
वहीं, माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर न्यास के ट्रस्टी सुजीत पाण्डेय ने कहा कि मंदिर आने वाले गरीब और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही निःशुल्क उपचार और दवाइयां मिलने से उनकी यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित बनी।
आयोजकों के अनुसार, यह शिविर श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं चन्द्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के समन्वय तथा स्वर्गीय मुकुटधर पाण्डेय स्मृति मेमोरियल सर्विस फाउंडेशन, चंद्रपुर के संचालन सहयोग से संपन्न हुआ।
नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस पहल ने धार्मिक आयोजन के साथ स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को जोड़ते हुए श्रद्धालुओं को महत्वपूर्ण राहत प्रदान की।