कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से अपनी हार और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की जीत को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी है। ममता बनर्जी मंगलवार को खुद हाईकोर्ट पहुंचीं और चुनाव परिणाम के खिलाफ याचिका दायर की।
याचिका दाखिल करने के दौरान ममता बनर्जी के साथ टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन और कल्याण बनर्जी भी मौजूद रहे। ममता ने आरोप लगाया कि भवानीपुर सीट पर हुए चुनाव में गड़बड़ियां हुईं, जिसके आधार पर उन्होंने परिणाम को चुनौती दी है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला हुआ था। इस कड़े मुकाबले में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराकर जीत दर्ज की थी। सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले थे, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले। सीपीएम उम्मीदवार श्रीजीब विश्वास 3,556 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
मतगणना के शुरुआती दौर में ममता बनर्जी कई राउंड तक आगे चल रही थीं, लेकिन आखिरी चरणों में मुकाबला पूरी तरह बदल गया और सुवेंदु अधिकारी ने बढ़त बनाते हुए जीत हासिल कर ली।
नंदीग्राम हार को भी दे चुकी हैं चुनौती
यह पहली बार नहीं है जब ममता बनर्जी ने अपनी चुनावी हार को अदालत में चुनौती दी हो। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से सुवेंदु अधिकारी के हाथों मिली हार को भी उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। वह मामला अभी भी अदालत में लंबित है।
भवानीपुर सीट को लेकर दायर इस नई याचिका के बाद एक बार फिर बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। चुनावी नतीजों को लेकर टीएमसी और बीजेपी के बीच सियासी टकराव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।