कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अंदरूनी कलह अब पार्टी के बैंक खातों तक पहुंच गई है। पार्टी के तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है, जिनमें करीब 440 करोड़ रुपये जमा होने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास की शिकायत और बागी विधायकों की मांग के बाद HDFC Bank ने TMC के तीन बैंक अकाउंट्स से लेन-देन पर रोक लगा दी है। अब इन खातों से किसी भी तरह की निकासी या संचालन नहीं किया जा सकेगा।
अरूप विश्वास ने बैंक को पत्र लिखकर मांग की थी कि पार्टी नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट होने तक खातों में यथास्थिति बनाए रखी जाए। उन्होंने बैंक से किसी भी डेबिट ट्रांजेक्शन या नियमों में बदलाव पर रोक लगाने की अपील की थी।
इसके बाद TMC के बागी विधायकों ने भी विधाननगर पुलिस की साइबर सेल को पत्र भेजकर पार्टी खातों को फ्रीज करने की मांग की। विपक्ष ने भी इस मामले को लेकर सवाल उठाए हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बंद्योपाध्याय ने आरोप लगाया कि इन खातों में अवैध धन या गड़बड़ी से जुड़ी रकम होने की जांच होनी चाहिए। हालांकि पार्टी की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
यह विवाद उस समय सामने आया है जब चुनावी हार के बाद TMC के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर खींचतान तेज हो गई है। 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी की कुल संपत्ति 1,081.78 करोड़ रुपये बताई गई है। अब बैंक खातों पर रोक के बाद पार्टी के वित्तीय संचालन को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है।