छत्तीसगढ़ में किसानों को बड़ी राहत: खाद के लिए अब नहीं लगेगा टोकन, सीधे खरीद सकेंगे उर्वरक

रायपुर। खरीफ सीजन के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। राज्य में अब खाद खरीदने के लिए टोकन व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। किसान अब बिना टोकन के सीधे सहकारी समितियों और निर्धारित केंद्रों से अपनी जरूरत के अनुसार खाद खरीद सकेंगे।

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने बताया कि प्रदेश में खाद का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को आसान बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

पहले टोकन के लिए करना पड़ता था इंतजार

पहले किसानों को खाद लेने के लिए टोकन लेना पड़ता था और कई बार चरणबद्ध तरीके से खाद उपलब्ध कराई जाती थी। इस व्यवस्था में किसानों को अलग-अलग टोकन के जरिए खाद लेने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत दोनों लगते थे।

नई व्यवस्था के तहत किसान अब एक ही बार में अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद ले सकेंगे।

खाद की कमी नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में खाद की उपलब्धता पर्याप्त है और किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सरकार लगातार खाद वितरण की निगरानी कर रही है ताकि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक मिल सके।

सरकार का दावा है कि टोकन व्यवस्था खत्म होने से खाद वितरण प्रक्रिया तेज, सरल और किसान हितैषी बनेगी। इससे किसानों को खेती-किसानी के काम में बड़ी सुविधा मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *