कवर्धा। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास में एक साथ कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई।
सूत्रों के अनुसार, अटल आवास क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध लोगों के रहने, अनैतिक गतिविधियों और नशे के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने सुबह-सुबह दबिश दी और पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे परिसर की निगरानी की। तलाशी अभियान में कई मकानों से संदिग्ध सामग्री, शराब और नशीले पदार्थ बरामद होने की सूचना है।
छापेमारी के दौरान कुछ युवतियों के मौके से भागने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सघन सर्चिंग अभियान चलाया और संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना रहा कि अटल आवास लंबे समय से किस तरह की गतिविधियों का केंद्र बन गया था।