जगदलपुर । ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर माओवादियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है। बरामदगी में देसी बंदूकें, IED, क्लेमोर माइन और माओवादी प्रचार सामग्री शामिल है।
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली सूचना के आधार पर DVF की टीम ने मथिली थाना क्षेत्र के चेरकोटला, किर्मिती, कोटवापादर और कडाभाटा के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा थाना और सुकमा जिले के पुषपाल थाना क्षेत्र से सटा हुआ है।
तीन देसी बंदूकें और कई IED बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को तीन देसी बंदूकें मिलीं। इसके अलावा 5 किलो, 3 किलो और 2 किलो वजन के कई IED, दो क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर, माओवादी बैनर और अन्य माओवादी सामग्री भी बरामद की गई।
सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
संवेदनशील इलाके में बड़ी सफलता
ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगा यह वन क्षेत्र लंबे समय से माओवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में माओवादियों के बड़े डंप का मिलना सुरक्षा बलों के लिए अहम सफलता मानी जा रही है।
बरामद सामग्री के संबंध में जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसे किस उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा गया था। कार्रवाई के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।