पुणे। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र के मोशी इलाके में बुधवार को भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। यहां कचरा डिपो के पास स्थित तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद करीब 15 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, एनडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे को हटाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह इमारत वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट से जुड़ी एक निजी कंपनी का प्रशासनिक कार्यालय था। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कचरे का बड़ा ढेर अस्थिर हो गया और उसका दबाव इमारत पर पड़ा, जिसके चलते भवन ढह गया।
पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि हादसे वाली इमारत पुराने कचरे के पहाड़ जैसे ढेर के पास बनाई गई थी। हादसे के समय इमारत में कई कर्मचारी मौजूद थे, जिनके मलबे में फंसे होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त भवन में 15 से अधिक लोग काम कर रहे थे। प्रशासन ने इलाके को सुरक्षित कर लिया है और राहत कार्य लगातार जारी है।
इधर, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।