रक्षाबंधन से पहले पंडरीपानी को बड़ी सौगात, CM साय ने किया SBI शाखा का शुभारंभ

रायपुर । रक्षाबंधन से पहले जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी और आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नवीन शाखा एवं भवन का विधिवत शुभारंभ किया। शाखा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को अब बैंकिंग सेवाओं के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर फरसाबहार नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने नवीन शाखा के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों और बैंक की टीम को बधाई देते हुए कहा कि गांवों तक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बैंक शाखा खुलने से किसानों, छोटे व्यापारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को ऋण एवं अन्य वित्तीय सेवाओं तक स्थानीय स्तर पर आसान पहुंच मिलेगी।

60 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

पंडरीपानी में SBI की शाखा खुलने से बोखी, सहसपुर, भगोरा, बनगांव, सीमाबाड़ी, मुंडाडीह और सरईटोली सहित करीब 60 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। यहां किसानों को कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड, छोटे व्यापारियों एवं उद्यमियों को व्यवसाय ऋण तथा आम नागरिकों को गृह, वाहन और शिक्षा ऋण जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शाखा के औपचारिक शुभारंभ से पहले ही करीब 200 लोगों ने बैंक में खाते खुलवा लिए हैं, जो क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं की जरूरत और ग्रामीणों के उत्साह को दर्शाता है।

पंडरीपानी समेत कई क्षेत्रों में विकास कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान पंडरीपानी और आसपास के क्षेत्रों में खेल एवं अधोसंरचना विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने पंडरीपानी में मिनी स्टेडियम और बाजारपारा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा अंबाकछार और सीमाबाड़ी में भी मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे।

उन्होंने हाथीबेड़ से कोतबा गांधी चौक तक करीब सात किलोमीटर सड़क, मेन रोड सिसरिंगा में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, हाईस्कूल मैदान में चेंजिंग रूम और हाईस्कूल प्रांगण के जीर्णोद्धार की घोषणा की। मूंगी दरबार में पुलिया निर्माण की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा, खेल और सामुदायिक अधोसंरचना के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता बेहतर होगी और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी।

हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा राशि

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न बैंकिंग एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत नौ हितग्राहियों को 50 हजार से लेकर 1.90 लाख रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के दो हितग्राहियों को भी ऋण स्वीकृति पत्र मिले।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक दिए गए। फरसाबहार विकासखंड की किसान श्रीमती लक्ष्मी बाई को किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया।

शहीद प्रधान आरक्षक के परिवार को एक करोड़ की बीमा राशि

मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर के प्रधान आरक्षक स्वर्गीय श्री राहुल राम प्रधान के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के प्रति सरकार संवेदनशील है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्रामीणों में उत्साह

पंडरीपानी में SBI की शाखा शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि अब छोटे-बड़े बैंकिंग कार्यों के लिए फरसाबहार जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे समय और आवागमन के खर्च की बचत होगी तथा किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *