तिल्दा-नेवरा। जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 555 ग्राम गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और बिक्री की नगदी बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,35,030 रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तिल्दा-नेवरा पुलिस को मुखबिर से अलग-अलग स्थानों पर अवैध कारोबार की सूचना मिली थी।
ग्राहक तलाश रही महिला गांजे के साथ गिरफ्तार
पहले मामले में पुलिस को सूचना मिली कि एफसीआई गोदाम के पास एक महिला नीले रंग की साड़ी पहनकर थैले में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उसके थैले से 2 किलो 555 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राखी देवार (40 वर्ष), पति तूफान देवार, निवासी वार्ड क्रमांक 15, तिल्दा के रूप में की है।
86 पौवा अवैध शराब के साथ दूसरी महिला पकड़ी गई
दूसरे मामले में पुलिस को वार्ड क्रमांक 15, दलाल तालाब, तिल्दा में एक महिला द्वारा अवैध शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी चुनिया देवार (20 वर्ष) को पकड़ लिया।
उसके कब्जे से 86 पौवा अवैध शराब, जिसकी कीमत 9,580 रुपये बताई गई है, और शराब बिक्री की 450 रुपये नगदी बरामद की गई। कुल जब्ती 10,030 रुपये की हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
अवैध कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा पुलिस के अनुसार ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत क्षेत्र में मादक पदार्थों और अवैध शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की निगरानी कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।