बीजापुर। केंद्रीय विद्यालय बीजापुर में बुधवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और कर्तव्य भावना का विकास करना रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि 229 बटालियन सीआरपीएफ के उप कमांडेंट श्री कुणाल कुमार रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय बीजापुर के प्रभारी प्राचार्य श्री दशरथ जी तथा विशेष अतिथि केंद्रीय विद्यालय बीजापुर के मेंटर एवं केंद्रीय विद्यालय किरंदुल के प्रभारी प्राचार्य श्री बलजिंदर जी उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों को सौंपे गए पद और दायित्व
समारोह के दौरान विभिन्न सदनों एवं छात्र पदों के लिए चयनित विद्यार्थियों को पद एवं दायित्व प्रदान किए गए। इस अवसर पर छात्र प्रतिनिधियों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सेवा और अनुकरणीय आचरण का प्रतीक है। उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। अलंकरण समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।