गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही । जिले में एलपीजी गैस के भंडारण और वितरण में अनियमितताओं के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने मेसर्स सियाराम गैस एजेंसी गौरेला के गोदाम का औचक निरीक्षण कर 471 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
निरीक्षण के दौरान टीम को एजेंसी में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कार्रवाई के तहत 14.2 किलोग्राम क्षमता के 433 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 346 भरे और 87 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 19 किलोग्राम क्षमता के 38 व्यावसायिक सिलेंडर भी जब्त किए गए, जिनमें 2 भरे और 36 खाली सिलेंडर हैं।
स्टॉक और आवक-जावक पंजी का संधारण नहीं
खाद्य विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान एजेंसी में मुख्य बोर्ड और स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं किए गए थे। इसके साथ ही आवक-जावक पंजी, स्टॉक पंजी तथा मूल्य-स्टॉक बोर्ड का भी उचित संधारण एवं प्रदर्शन नहीं पाया गया।
विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियम) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत सिलेंडरों की जप्ती की कार्रवाई की।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती श्वेता अग्रवाल ने बताया कि सियाराम गैस एजेंसी के संबंध में विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर टीम ने गोदाम का औचक निरीक्षण किया, जिसमें अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी एजेंसी के गोदाम की जांच की जा चुकी है और अनियमितता पाए जाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक राहुल सिंह राजपूत, अरविन्द चन्द्रा, आशीष पाण्डेय, नेहा पाटले एवं सहायक सोनू देवांगन मौजूद रहे।