नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कई प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और मेट्रो स्टेशनों के नाम जल्द बदलने वाले हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली सचिवालय में आयोजित ‘स्टेट नेम्स अथॉरिटी (SNA)’ की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सरकार का कहना है कि इन नाम परिवर्तनों का उद्देश्य स्थानीय इतिहास, सांस्कृतिक पहचान और जनभावनाओं को सम्मान देना है।
बैठक में दिल्ली मेट्रो के तीन स्टेशनों, एक प्रमुख चौक और एक अस्पताल के नाम बदलने का फैसला लिया गया। इसके तहत रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर “डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर हॉस्पिटल मेट्रो स्टेशन” किया जाएगा। वहीं, द्वारका मेट्रो स्टेशन का नया नाम “द्वारका-काकरोला मेट्रो स्टेशन” होगा।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर केवल “रोहिणी मेट्रो स्टेशन” रखने को मंजूरी दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे यात्रियों को स्टेशन की पहचान करने में आसानी होगी।
शकूरपुर स्थित प्रसिद्ध ब्रिटानिया चौक का नाम भी बदला जाएगा। अब इसे “अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक” के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही ज्वालापुरी में निर्माणाधीन अस्पताल का नाम “बाबा रामदेवजी महाराज हॉस्पिटल” रखने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में रोहिणी के बेगमपुर में बन रहे नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम “अटल खेल परिसर” रखने को भी मंजूरी दी गई। यह नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में रखा जाएगा। सरकार ने यह भी तय किया है कि परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक के बाद कहा कि इन नामकरण प्रस्तावों का उद्देश्य केवल महान हस्तियों को सम्मान देना नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी मजबूत करना है।
बैठक में मुख्य सचिव, शहरी विकास सचिव, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के प्रबंध निदेशक और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार के अनुसार, बैठक में शहरी परियोजनाओं और सार्वजनिक स्थलों के नामकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।