कांकेर को खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का किया लोकार्पण

रायपुर । कांकेर शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल को किक कर गोल दागते हुए खेल मैदान का शुभारंभ किया।

लोकार्पण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों के अमर बलिदानों की याद दिलाती है। वीर शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को गुलामी से आजादी दिलाई। अब उनके सपनों को संजोकर और देश को आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के कंधों पर है।

9.40 करोड़ की लागत से तैयार हुआ खेल परिसर

कांकेर में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम और 2.40 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का निर्माण किया गया है। मिनी स्टेडियम में फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल कोर्ट, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के लिए नेट प्रैक्टिस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

वहीं इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित विभिन्न खेलों के अभ्यास की सुविधा है। परिसर में आउटडोर जिम की व्यवस्था भी की गई है। इन सुविधाओं से नगरवासियों और स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक खेल संसाधन अपने ही शहर में उपलब्ध होंगे।

छिपी खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि मिनी स्टेडियम कांकेर जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच साबित होगा। उन्होंने हाल ही में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां और युवा खेल के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि कांकेर की स्थानीय प्रतिभाएं भी नई खेल सुविधाओं का लाभ उठाकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक आशाराम नेताम ने मिनी स्टेडियम परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नारियल के पौधे रोपे। अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक और कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नगरवासी मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्मित खेल परिसर को कांकेर शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *