बिलासपुर। डीजल चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कथित तौर पर छोड़ने के मामले में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए कोनी थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) उमेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया।
अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपी पकड़े गए थे
जानकारी के अनुसार, कोनी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया था।
तीन आरोपियों को छोड़ने का आरोप
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद थाने से पांच आरोपियों में से बैसाखू, राजेश और राजू नामक तीन आरोपियों को छोड़ दिया गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
SSP ने लिया तत्काल संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और प्रथम दृष्टया लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर एएसआई उमेश उपाध्याय को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
जांच जारी
पुलिस विभाग के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।