बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में अमानक खाद को लेकर कृषि विभाग ने कड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर रतनपुर क्षेत्र की दुकानों से 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त की गई है। साथ ही, दुकानदारों और संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी किया गया है।
कृषि विभाग की टीम ने रतनपुर की कई दुकानों और समितियों की जांच की, जिसमें सेवा सहकारी समिति चपोरा, मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट और उन्नत कृषि सेवा केंद्र रतनपुर शामिल हैं। जांच में रिकॉर्ड और भंडारण में अनियमितताएं पाई गईं।
आयुक्त ने बताया कि यह कार्रवाई किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। विभाग ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे अन्य दुकानदारों में भी सतर्कता बढ़े।
कृषि विभाग का यह कदम क्षेत्र में खाद और बीज के सही वितरण और किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए अहम माना जा रहा है।