बालोद | छत्तीसगढ़ की बालोद पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पावर एक्सल गाड़ी से गांजा ले जा रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 12.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 5 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुरुर थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मूरपार के पास आरोपी की गाड़ी (टीवीएस एक्सेल 100, क्रमांक CG 24 K 0170) को रोककर तलाशी ली। जांच में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि नेताम (40 वर्ष) पुत्र नरेश नेताम, निवासी कसेरी गांव, मनेरीपारा के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजा बालोद से रायपुर ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। साथ ही, प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई बालोद पुलिस की गांजा तस्करी रोकने की लगातार जारी मुहिम का हिस्सा है।