दंतेवाड़ा। एनएमडीसी डीएवी आईटीआई, भांसी के 31 प्रशिक्षार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कंपनी ओमेगा सेकी मोबिलिटी प्रा. लिमिटेड, चाकण (पुणे) में हुआ है। संस्थान में कंपनी द्वारा आयोजित वर्चुअल कैंपस ड्राइव के माध्यम से यह चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर (एचआर) रबीन्द्र मोहंती द्वारा कंपनी की कार्यप्रणाली, करियर ग्रोथ, कार्य संस्कृति, वेतनमान और अन्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए प्रेजेंटेशन के साथ की गई।
इसके बाद अंतिम वर्ष के प्रशिक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन टेस्ट आयोजित किया गया। टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों का कंपनी की ओर से वर्चुअल इंटरव्यू लिया गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 31 प्रशिक्षार्थियों को ओमेगा सेकी मोबिलिटी प्रा. लिमिटेड के लिए चयनित किया गया।

इस अवसर पर एनएमडीसी बीआईओएम बचेली कॉम्प्लेक्स के परियोजना प्रमुख श्री श्रीधर कोडाली ने चयनित प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनएमडीसी का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण देकर देश की अग्रणी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
वहीं संस्थान के प्राचार्य कमलेश साहू ने कहा कि एनएमडीसी डीएवी आईटीआई में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाता है। नियमित कैंपस और वर्चुअल प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों को रोजगार से जोड़ना संस्थान की प्राथमिकता है।
एनएमडीसी बचेली के सीएसआर सहयोग से संचालित एनएमडीसी डीएवी आईटीआई, भांसी कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ प्लेसमेंट अभियान आयोजित कर रहा है।