रायपुर में बड़ा हादसा टला: ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, प्रशासन अलर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुछ कर्मचारियों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। वहीं पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद है और फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है।

बताया जा रहा है कि पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में टायर जलाकर डामर तैयार किया जाता है। काम के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि सैंपल कलेक्शन के दौरान वाल्व बंद नहीं होने से गर्म पदार्थ बाहर आ गया और ऑक्सीजन के संपर्क में आने के बाद आग फैल गई।

प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पर काबू पाने के बाद हादसे के कारणों की जांच और नुकसान का आकलन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि रायपुर में हाल ही में भीड़भाड़ वाले एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल में भी भीषण आग लगी थी, जिसे करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद नियंत्रित किया गया था।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *