महुआ मोइत्रा ने की मोदी सरकार की तारीफ, TMC में मचा सियासी घमासान; क्या बदलेंगे समीकरण?

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सियासत में जारी उठापटक के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) की फायर ब्रांड नेता महुआ मोइत्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नई चर्चा छेड़ दी है। केंद्र सरकार की तारीफ करने वाले उनके पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं।

महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के एक पत्र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उनका आभार जताया। यह पत्र सशस्त्र बलों के दिव्यांग पेंशन पर इनकम टैक्स छूट से जुड़े मुद्दे को लेकर था।

महुआ मोइत्रा ने पोस्ट में लिखा कि सशस्त्र बलों की दिव्यांग पेंशन पर टैक्स छूट जारी रखने के लिए राजनाथ सिंह की संवेदनशीलता के लिए धन्यवाद। उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्त मंत्रालय भी इस मामले में संवेदनशील रुख अपनाएगा।

महुआ के इस बयान को इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि वह अब तक केंद्र की मोदी सरकार की मुखर आलोचक रही हैं। ऐसे में उनके इस रुख ने बंगाल की राजनीति में नई बहस शुरू कर दी है।

TMC में बढ़ी अंदरूनी कलह

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में अंदरूनी संकट गहराता जा रहा है। पार्टी के कई विधायक और सांसद अलग गुट बनाने की दिशा में बढ़ चुके हैं।

बागी गुट ने पार्टी के बैंक खातों और संगठन पर भी दावा किया है। इसके अलावा कुछ सांसदों के अलग होने की खबरों के बाद ममता बनर्जी के सामने पार्टी को एकजुट रखने की चुनौती बढ़ गई है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि महुआ मोइत्रा का यह पोस्ट सीधे तौर पर किसी राजनीतिक बदलाव का संकेत नहीं देता, लेकिन मौजूदा हालात में इसे टीएमसी के भीतर चल रही हलचल से जोड़कर देखा जा रहा है।

फिलहाल महुआ मोइत्रा ने पार्टी छोड़ने या किसी नए राजनीतिक कदम को लेकर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन उनके पोस्ट ने बंगाल की राजनीति में चर्चाओं का नया दौर शुरू कर दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *