मुंगेली। जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन अस्पताल का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालन और आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में कई खामियां पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. शीला साहा ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी संचालन की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जांच में आयुष्मान योजना से संबंधित सूचना पट्टों की कमी, निर्धारित बेडों के चिन्हांकन में त्रुटियां, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की खामियां तथा अस्पताल संचालन से जुड़े विभिन्न मानकों में अनियमितताएं सामने आईं।
इसके अलावा मरीजों और परिजनों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजना के प्रावधानों के बेहतर पालन और सुविधाओं में सुधार के निर्देश भी अस्पताल प्रबंधन को दिए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. शीला साहा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के नियमों का उल्लंघन या मरीजों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रशांत ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।