उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा को मिली ऐतिहासिक सौगात

रायपुर/कोरबा । नगर पालिक निगम कोरबा को 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 37 करोड़ 28 लाख से अधिक राशि के 116 विकास कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस स्वीकृति के बाद शहर के सभी वार्डों में सीसी सड़क, आरसीसी नाली, जल निकासी, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

यह स्वीकृति उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों के बाद मिली है। उन्होंने हाल ही में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया था, जिसके बाद सभी कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।

मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में “ट्रिपल इंजन सरकार” के समन्वित प्रयासों से शहरी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोरबा में अब तक लगभग 1000 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं, जिनका लाभ जनता को मिल रहा है।

इस योजना के तहत वार्डों में गली-गली तक सड़क, नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, तालाबों के आसपास सुधार, और प्रमुख मार्गों का उन्नयन जैसे कार्य शामिल हैं। इससे वर्षों से चली आ रही जलभराव और आवागमन की समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद है।

मंत्री ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में कोरबा के सभी वार्डों में संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य बिंदु:

  • 37.28 करोड़ की राशि से 116 विकास कार्य स्वीकृत
  • 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत मिली स्वीकृति
  • सीसी रोड, नाली, जल निकासी व पेयजल से जुड़े कार्य शामिल
  • सभी वार्डों में होगा समान रूप से विकास
  • कोरबा के बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई गति
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *