कांकेर: विकास कार्य नहीं मिलने से 56 ग्राम पंचायत के सरपंचों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

कांकेर | छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड में 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इसका कारण पिछले एक वर्ष से पंचायतों में किसी भी प्रकार के विकास कार्य आवंटित न किए जाने से नाराजगी बताई जा रही है।

सरपंचों ने एसडीएम कार्यालय में जाकर अपने इस्तीफे सौंपे और प्रशासन पर आरोप लगाया कि बीते एक साल से पंचायतों में कोई नया विकास कार्य स्वीकृत नहीं किया गया। उनका कहना है कि इससे गांवों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।

सरपंचों ने कहा, “लगातार मांग और पत्राचार के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस पहल नहीं की। विकास कार्य न होने के कारण ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी है और जनप्रतिनिधियों के लिए जवाब देना मुश्किल हो गया है। इसलिए हमने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।”

सरपंचों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द ही पंचायतों में लंबित विकास कार्यों को स्वीकृत किया जाए और योजनाओं को शुरू किया जाए।

सामूहिक इस्तीफे की खबर से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारी अब स्थिति को संभालने और जल्द समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *