गरियाबंद: तेंदुए ने 7 साल के बच्चे पर किया हमला, परिजनों ने बचाया

गरियाबंद | गरियाबंद जिले के कोदोबतर के चट्टानपारा इलाके में गुरुवार रात तेंदुए ने एक 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे का नाम धनेश कुमार है, जो पड़ोस के घर से टीवी देखकर अपने घर लौट रहा था। इस दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर झपट्टा मारा और गर्दन पकड़कर उसे जंगल की ओर ले जाने लगा।

परिजनों की सतर्कता से बचा बच्चा

धनेश की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह तेंदुए के चंगुल से उसे छुड़ा लिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। बच्चे की गर्दन और शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं।

गांव में दहशत का माहौल

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में तेंदुए अक्सर जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुँच जाते हैं। गरियाबंद मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर की परिधि में हर साल तेंदुओं की आमद दर्ज की जाती है, जिससे जनहानि का खतरा बढ़ जाता है।

वन विभाग की तैयारी और सतर्कता

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। वन अमला गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। रेंजर प्रांजली मिश्रा ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास जारी है।

विशेषज्ञों की चेतावनी 

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे रात में अकेले बाहर न निकलें और बच्चों को सुरक्षित रखें। विभाग तेंदुए के व्यवहार पर लगातार नजर रख रहा है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *