कांकेर को 9.40 करोड़ की खेल सौगात, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का किया लोकार्पण

कांकेर । प्रदेश के लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री और कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नई खेल सुविधाएं जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएंगी।

विद्यार्थियों से बोले- आजादी के मूल्यों को संजोना जिम्मेदारी

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि तिरंगा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों एवं अमर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। जिन देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को गुलामी से मुक्ति दिलाई, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों और देश की एकता-अखंडता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर, विकसित और विश्वगुरु बनाने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्लेटफॉर्म

श्री साव ने कहा कि मल्टीपर्पज मिनी स्टेडियम के निर्माण से कांकेर की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इससे युवक-युवतियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

उन्होंने हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां और युवा खेलों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांकेर का यह मिनी स्टेडियम जिले की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

करीब 9.40 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हुआ परिसर

जिला प्रशासन के प्रयासों से लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज मिनी स्टेडियम और 2.40 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का निर्माण किया गया है।

मिनी स्टेडियम में फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के लिए नेट प्रैक्टिसिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित विभिन्न खेल विधाओं के अभ्यास की सुविधा मिलेगी। परिसर में आउटडोर जिम भी बनाया गया है।

फुटबॉल खेलकर किया मैदान का शुभारंभ

लोकार्पण से पहले उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने फुटबॉल खेलकर खेल मैदान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला के माध्यम से भारत का नक्शा बनाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने नगरवासियों को नई खेल सुविधाओं के लिए बधाई देते हुए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी और नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक ने भी इसे कांकेर शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि नवनिर्मित स्टेडियम से नगरवासियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल मैदान और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि जिले के कुछ संवेदनशील रहे गांवों में आगामी 15 अगस्त को पहली बार राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा, जो क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया पौधरोपण

लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने मिनी स्टेडियम परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नारियल के पौधे लगाए। अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *