रक्षाबंधन से पहले खाद्य दुकानों पर जांच, 50 किलो नारियल लड्डू नष्ट; मिठाइयों के लिए गए नमूने

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही । छत्तीसगढ़ शासन के ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान और रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट, किराना और मिठाई दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

जांच के दौरान आयुषी ट्रेडर्स गौरेला से कैंडी, सावन होटल से पेड़ा, जैन स्वीट्स से गुलाब जामुन, मां करणी जोधपुर मिष्ठान भंडार कोटमी से कलाकंद एवं कुंदा, स्वीट इंडिया रेस्टोरेंट पेण्ड्रा से बर्फी, तुलसी स्वीट्स से पेड़ा, मनीष बाजार से पेड़ा तथा जैन स्वीट्स पेण्ड्रा से रसगुल्ला एवं सोनपापड़ी के नमूने संकलित किए गए।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिक रही डिब्बाबंद मिठाइयों की भी जांच की गई। संजीव किराना स्टोर पेण्ड्रा से मगज लड्डू, अंशिका ट्रेडर्स मरवाही से नारियल लड्डू एवं मसूर पाक तथा लक्ष्मी गृह उद्योग मरवाही से नारियल लड्डू एवं नारियल बर्फी के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।

50 किलो नारियल लड्डू मौके पर नष्ट

जांच के दौरान लक्ष्मी गृह उद्योग, मरवाही में लगभग 50 किलोग्राम नारियल लड्डू मिथ्याछाप पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अभिहित अधिकारी ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस तरह की जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *