रायपुर | राज्यपाल रमेन डेका ने राजधानी रायपुर की पेयजल आवश्यकताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कमल विहार स्थित लगभग 230 एकड़ क्षेत्र में फैले गजराज बांध को शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए एक बड़े जलाशय के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया है।
राज्यपाल ने लोकभवन में नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे और अतिरिक्त कमिश्नर विनोद पांडेय के साथ इस विषय पर विशेष चर्चा की। बैठक में बांध के पुनर्विकास और उसके जल संग्रहण क्षमता को बढ़ाने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान में सिंचाई कार्यों में सीमित उपयोग में आने वाले गजराज बांध की आवश्यक मरम्मत और पुनर्निर्माण कर इसे रायपुर शहर की “लाइफलाइन” बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से शहर को भविष्य में शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने नगर निगम को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जा सके।
प्रशासनिक स्तर पर इस पहल को रायपुर की जल सुरक्षा और शहरी विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।