शिवरीनारायण में यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल, सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों को एसडीएम ने दी सख्त हिदायत

शिवरीनारायण। धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने अब सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल शुरू कर दी है। श्री राम वन गमन पर्यटन परिपथ के प्रमुख स्थल और जांजगीर-चांपा जिले के महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र होने के कारण शिवरीनारायण में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, व्यापारी और आम नागरिक पहुंचते हैं। इससे नगर के मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर लगातार भीड़ की स्थिति बनी रहती है।

नगर में कई व्यापारी और ठेला-गुमटी संचालक सड़कों पर ही सामान रखकर व्यवसाय कर रहे हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क किनारे गंदगी भी फैल रही है। वहीं, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालु, ग्राहक और अन्य वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क किनारे बेतरतीब खड़ा कर देते हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका के साथ-साथ आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।

नगर के बाम्बे मार्केट क्षेत्र में सबसे अधिक यातायात दबाव देखने को मिलता है। यहां व्यापारी सड़क पर वाहन खड़े कर माल की लोडिंग-अनलोडिंग कराते हैं, जिसके कारण बार-बार जाम की समस्या उत्पन्न होती है।

इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शिवरीनारायण भावना साहू ने 28 जुलाई की शाम राजस्व अमले, पुलिस विभाग और नगर पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ नगर भ्रमण किया। उन्होंने मुख्य मार्ग स्थित शबरी चौक से केरा चौक तक पैदल निरीक्षण करते हुए सड़क पर सामान रखकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों और ठेला-गुमटी संचालकों को तत्काल सड़क से सामान हटाने के निर्देश दिए।

एसडीएम भावना साहू ने व्यापारियों से अपने-अपने दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान तहसीलदार महेंद्र लहरे, नायब तहसीलदार चंद्र कुमार साहू, नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी कन्हैया निर्मलकर, राजस्व विभाग एवं नगर पंचायत के कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई से नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में शिवरीनारायण की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और श्रद्धालुओं व आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *