छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन

रायपुर । छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन गौरव और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और मेहनत से पहचान बनाने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इन खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखकर प्रदेश की बेटियों में भी खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होंगी।

महिलाओं और बालिकाओं के लिए निःशुल्क प्रवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस ऐतिहासिक श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से बढ़ेगी छत्तीसगढ़ की पहचान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम छत्तीसगढ़ की प्रमुख खेल अधोसंरचनाओं में से एक है। स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाओं को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबलों का भी आयोजन हुआ। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के महत्वपूर्ण आयोजन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम है।

पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से केवल खेल संस्कृति को मजबूती नहीं मिलती, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। ऐसे आयोजनों में खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के आने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को लाभ मिलता है। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने के साथ देश के प्रमुख स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। भारतीय महिला खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और देश का गौरव बढ़ा रही हैं।

उन्होंने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का उदाहरण बनेगी। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में आयोजित यह श्रृंखला प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *