एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान फाइनल तय, गोल्ड के लिए 3 अक्टूबर को होगी भिड़ंत

नई दिल्ली । एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम ने गुरुवार को सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर गोल्ड मेडल मैच में प्रवेश किया था।

अब 3 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

ईशान किशन ने संभाली पारी

श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए। भारत की ओर से ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली।

ईशान ने मुश्किल परिस्थितियों में पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनके अलावा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 38 रन बनाए। दोनों की बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने श्रीलंका के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा।

बुमराह ने पहले ओवर में दिए दो झटके

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और श्रीलंका की पूरी टीम महज 45 रन पर सिमट गई।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक नहीं सके।

पाकिस्तान ने भी फाइनल में बनाई जगह

इससे पहले पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया था। बारिश के कारण मुकाबले को 13-13 ओवर का कर दिया गया था।

बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवर में 7 विकेट पर 111 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

पाकिस्तान की ओर से अब्दुल समद ने 15 गेंदों में 30 रन की तेज पारी खेली। बांग्लादेश के गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान महंगे साबित हुए और उन्होंने दो ओवर में 41 रन खर्च किए।

अब गोल्ड के लिए भारत-पाकिस्तान मुकाबला

भारत और पाकिस्तान दोनों के फाइनल में पहुंचने के साथ एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल मुकाबला बेहद खास हो गया है। 3 अक्टूबर को होने वाले फाइनल में दोनों टीमें स्वर्ण पदक के लिए भिड़ेंगी।

वहीं, सेमीफाइनल में हारने वाली श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें ब्रॉन्ज मेडल के लिए आमने-सामने होंगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *