भारत | भारत में भीषण गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों की ताजा सूची में भारत ने लगातार दूसरे हफ्ते भी शीर्ष स्थान हासिल किया है। लाइव ग्लोबल तापमान रैंकिंग एजेंसी AQI के अनुसार, 22 मई तक दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 97 शहर भारत के हैं, जबकि बाकी 3 शहर नेपाल के शामिल हैं।
देश के कई राज्यों में तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ओडिशा का बलांगीर और बिहार का सासाराम 48°C तापमान के साथ दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे, जबकि उत्तर प्रदेश का वाराणसी 47°C के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल है। प्रयागराज, मिर्जापुर, गाजीपुर, बांदा, जौनपुर, पीलीभीत, सीतापुर और बरेली जैसे कई शहरों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में चंद्रपुर, नागपुर और अमरावती समेत कई शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं।
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई शहर भी इस सूची में शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार गर्मी सामान्य से कहीं ज्यादा तेज और लंबे समय तक रहने वाली साबित हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सूखी हवाएं, साफ आसमान और मॉनसून की देरी इस भीषण गर्मी की बड़ी वजह हैं। सबसे चिंता की बात यह है कि रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। कई राज्यों में अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।