बालोद
जिले के कुसुमटोला गांव के किसानो को मुआवजे के नाम पर बीमा कंपनी द्वारा मजाक बनाये जाने और उनके खाते में 25 पैसे से लेकर 25 रुपये तक मुआवजा राशि आने के बाद भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष पवन साहू ने कृषि विभाग और बीमा कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मामले की जांच हेतु भाजपा की 5 सदस्यीय टीम गठित की है।
जो 3 दिन के भीतर जांच कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। पवन साहू ने कृषि अधिकारी और बीमा कंपनी पर गलत आंकड़े पेश कर किसानो को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया है। वही उचित मुआवजा नही दिए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। जांच टीम में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष तोमन साहू के नेतृत्त्व में डौंडी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष झा, प्रदेश कार्य समिति किसान मोर्चा सोमेश साहू, जिला महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा मनोहर सिन्हा और डौंडी किसान मोर्चा अध्यक्ष वैष्णव मंडल हैं।
दरअसल आदिवासी ब्लॉक डौंडी के ग्राम कुसुमटोला के किसानो ने फसल बीमा कराया था। पिछले साल के फसल बीमा का गांव के अधिकांश किसानो के खाते में 25 पैसे, 50 पैसे, 72 पैसे से लेकर 25 रुपये तक आये है। किसानो का आरोप है कि बीमा कंपनी ने उनका मजाक बनाया है और फसल का सर्वे व आंकलन कृषि विभाग द्वारा सही से नही किया गया है।