LIC OFS का असर: हिस्सेदारी बिक्री शुरू होते ही शेयर 8% तक गिरा, रिटेल निवेशकों के लिए आज खुलेगा ऑफर

नई दिल्ली । सरकारी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयरों में मंगलवार को भारी गिरावट देखने को मिली। केंद्र सरकार द्वारा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए LIC में अपनी हिस्सेदारी बेचने की घोषणा के बाद कंपनी का शेयर करीब 8 प्रतिशत तक टूट गया।

LIC का शेयर दिन के कारोबार में 7.9 प्रतिशत गिरकर 390.70 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। कारोबार के दौरान कंपनी का बाजार पूंजीकरण घटकर करीब 5.03 लाख करोड़ रुपये रह गया।

सरकार बेचेगी 6.5% तक हिस्सेदारी

केंद्र सरकार ने LIC में अपनी 6.5 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है। इसके तहत 2.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेस ऑफर के रूप में और 4 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी ग्रीनशू विकल्प के तहत बेचने का प्रस्ताव है। इस बिक्री से सरकार को करीब 31,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटने की उम्मीद है।

OFS के लिए सरकार ने लगभग 382 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया है, जो बाजार मूल्य से करीब 10 प्रतिशत कम है। इसी वजह से निवेशकों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला।

पहले दिन नॉन-रिटेल निवेशकों के लिए खुला OFS

LIC का यह ऑफर फॉर सेल 4 और 5 अगस्त को दो दिनों के लिए खुला है। पहले दिन यानी मंगलवार को केवल नॉन-रिटेल निवेशकों को बोली लगाने का मौका दिया गया है। वहीं रिटेल निवेशकों के लिए OFS बुधवार, 5 अगस्त को खुलेगा।

मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग लक्ष्य में मिलेगी मदद

इस हिस्सेदारी बिक्री के जरिए सरकार LIC में अपनी हिस्सेदारी घटाकर कंपनी को मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग (MPS) की आवश्यकता पूरी करने में मदद करेगी। वर्तमान में LIC में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी करीब 96.5 प्रतिशत है।

LIC का यह OFS सरकार की ओर से सार्वजनिक क्षेत्र की किसी कंपनी में अब तक की सबसे बड़ी हिस्सेदारी बिक्री में से एक माना जा रहा है। निवेशकों की नजर अब रिटेल सब्सक्रिप्शन और OFS की अंतिम प्रतिक्रिया पर बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *