आगजनी पीड़ित होटल संचालक को 3 लाख की आर्थिक मदद, डिप्टी CM विजय शर्मा की पहल से मिली राहत

रायपुर । कवर्धा शहर के न्यू कल्पना होटल में पिछले माह हुई आगजनी की घटना में होटल पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे में होटल संचालक रबी नारायण पात्रों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ। आर्थिक संकट के बीच उन्होंने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा से मुलाकात कर मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।

मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तत्काल सहायता के लिए अनुशंसा की। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा 3 लाख का चेक

इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने न्यू कल्पना होटल के संचालक रबी नारायण पात्रों को 3 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इस दौरान श्रीमती सतविंदर पाहुजा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अनिल साहू, एल्डरमेन संतोष भारती, लक्ष्मण यादव, शानू साहू, कमलेश द्विवेदी और भूपेंद्र सिंह ठाकुर मौजूद रहे।

सहायता से व्यवसाय दोबारा खड़ा करने में मिलेगी मदद

होटल संचालक रबी नारायण पात्रों ने आर्थिक सहायता के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना के बाद हुए नुकसान से वे आर्थिक संकट में थे। ऐसे समय में मिली सहायता से उन्हें काफी संबल मिला है।

उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री की तत्पर पहल से मिली यह आर्थिक मदद व्यवसाय को दोबारा खड़ा करने में सहायक साबित होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से सहायता स्वीकृत किए जाने के लिए भी आभार जताया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *