IIT-NEET Free Coaching in Chhattisgarh: दुर्ग के जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल में जल्द शुरू होने वाली ‘सुपर-30’ योजना के तहत सरकारी स्कूलों के 30 मेधावी विद्यार्थियों को IIT-JEE और NEET की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी।
IIT-NEET Free Coaching: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी शैक्षणिक पहल शुरू होने जा रही है। दुर्ग के ऐतिहासिक जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल में जल्द ही ‘सुपर-30’ योजना प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को आईआईटी-जेईई और नीट जैसी देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की उच्चस्तरीय तैयारी पूरी तरह निशुल्क कराई जाएगी। योजना को लेकर जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए देश की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थाओं और एडटेक प्लेटफॉर्म्स का भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की कोचिंग सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।
IIT-NEET Free Coaching: प्रवेश परीक्षा के जरिए होगा 30 विद्यार्थियों का चयन
योजना के तहत जिले के शासकीय स्कूलों से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों का चयन विशेष प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। चयनित 30 विद्यार्थियों का एक विशेष बैच तैयार किया जाएगा, जिन्हें दो वर्षों तक व्यवस्थित और लक्ष्य आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन विद्यार्थियों को विज्ञान संकाय में अध्ययन के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी, जिससे वे स्कूल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा दोनों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।