कांकेर। जिले के पखांजूर इलाके में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक माह की मासूम बच्ची की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। गुस्साए लोगों ने अस्पताल का सामान बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
मामला पखांजूर थाना क्षेत्र के कापसी का है। जानकारी के अनुसार कापसी स्थित एक निजी अस्पताल में एक माह की बच्ची को तबीयत बिगड़ने पर भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि बीती रात बच्ची की हालत गंभीर होने पर उन्होंने डॉक्टर से उसे दूसरे अस्पताल रेफर करने की मांग की थी, लेकिन डॉक्टर ने बच्ची की हालत सामान्य बताते हुए रेफर करने से इनकार कर दिया।
आज सुबह इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी और कई सामान सड़क पर फेंक दिए। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम मनीष देव साहू ने बताया कि अस्पताल को फिलहाल बंद कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीएमएचओ को जांच टीम गठित करने के लिए कहा गया है तथा जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।