सूरजपुर। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस जिला महामंत्री नागेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने के विरोध में शुरू हुआ कांग्रेस का आंदोलन आखिरकार खत्म हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने प्रशासन के साथ सहमति बनने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया।
दोनों नेता मंगलवार शाम से आमरण अनशन पर बैठे थे। कांग्रेस का आरोप था कि चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से पार्टी नेताओं पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। अनशन के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने लगातार कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। आखिरकार प्रशासन ने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगों पर सहमति जताई, जिसके बाद नारियल पानी पीकर अनशन समाप्त किया गया।
प्रशासन ने मानी ये मांगें
प्रशासन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज करने पर सहमति दी। साथ ही नागेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा विश्रामपुर थाना प्रभारी को छुट्टी पर भेज दिया गया है।
अनशन खत्म करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह न्याय और लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने कांग्रेस की सभी मांगों को स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद आंदोलन स्थगित किया जा रहा है।
भूपेश बघेल ने साधा था निशाना
इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस कार्यकर्ता चुप बैठने वाले नहीं हैं और जो अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं, उनका नाम याद रखा जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय शनिवार को कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के प्रतिष्ठान पहुंचे थे, जहां चुनावी माहौल को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सत्ता का दबाव दिखाते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी।
इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नरेंद्र जैन ने कटार दिखाकर धमकी दी थी। हालांकि पुलिस अब तक कथित हथियार बरामद नहीं कर सकी है।