हनी सिंह | रैपर हनी सिंह ने अपने बालों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक बीमारी और दवाइयों के असर की वजह से उनके सारे बाल झड़ गए थे और अब वे विग लगाते हैं। हनी सिंह ने यह बात एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में कही, जहां उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य, ड्रग्स की लत और जिंदगी के मुश्किल दौर पर खुलकर बात की।
हनी सिंह ने बताया कि करियर के चरम दौर में लगातार काम, तनाव और ड्रग्स की वजह से उनकी मानसिक हालत खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें बायपोलर डिसऑर्डर हो गया था। इसी दौरान वह कई सालों तक म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर रहे।
हनी सिंह ने बताया कि शाहरुख खान के साथ अमेरिका टूर के दौरान उन्हें पहली बार महसूस हुआ कि उनकी हालत सामान्य नहीं है। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें हर वक्त डर और घबराहट महसूस होती थी। यहां तक कि उन्हें लगता था कि कहीं स्टेज पर ही कुछ बुरा न हो जाए।
रैपर के मुताबिक, वह अपनी हालत किसी को दिखाना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने खुद को लोगों से दूर कर लिया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक भारी दवाइयां लेने की वजह से उनका वजन बढ़कर 105 किलो तक पहुंच गया था और इसी दौरान उनके सारे बाल भी झड़ गए। हनी सिंह ने इंटरव्यू में कहा, “मैं पूरी तरह गंजा हूं। ये मेरे असली बाल नहीं हैं, बल्कि विग है।”
हनी सिंह ने बताया कि उन्होंने साल 2014 में ड्रग्स लेना छोड़ दिया था, लेकिन उससे पूरी तरह बाहर आने और सामान्य जिंदगी में लौटने में उन्हें करीब 7 से 8 साल लग गए। उन्होंने 2018 में फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ के गाने “दिल चोरी” से वापसी की थी। इसके बाद उनका एल्बम ‘ग्लोरी’ भी काफी हिट रहा, जिसके कई गानों को दर्शकों ने खूब पसंद किया।